बलराम नगर गेट पर अमूल दूध के डिस्ट्रीब्यूटर को गन प्वाइंट पर लेकर बाइक सवार तीन बदमाशों ने साढ़े तीन लाख रुपये लूट लिए। डिस्ट्रीब्यूटर के विरोध करने और रुपये से भरे बैग को छीनने में एक बदमाश की पिस्टल घटनास्थल पर ही गिर गई। तहरीर मिलने पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
अपरकोट निवासी परवेज अहमद (30) की दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर कामिल इंटरप्राइजेज के नाम से अमूल दूध की डिस्ट्रीब्यूटरशिप है। बृहस्पतिवार दोपहर करीब सवा एक बजे वह साढ़े तीन लाख रुपये बैग में लेकर बलराम नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में जमा करने के लिए बाइक से जा रहे थे।
बलराम नगर गेट के मोड़ के पास खड़े तीन बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर उनकी बाइक रुकवा ली। बदमाशों ने बाइक रोकते ही उनकी कनपटी पिस्टल सटा दी। इसके बाद बदमाश उनका बैग छीनने लगे। छीनझपटी में बदमाश बैग तो लूट ले गए लेकिन उनकी पिस्टल मौके पर ही गिर पड़ी।
बदमाशों के जाने के बाद परवेज ने सौ नंबर पर लूट की सूचना दी। सूचना मिलते ही बार्डर थाना प्रभारी रणवीर सिंह, कोतवाली प्रभारी एपी सिंह और सीओ अनिल कुमार यादव वारदात स्थल पर पहुंचे और जांच की। सीओ का कहना है कि लूट कर बदमाश दिल्ली की ओर भागे हैं। आशंका है बदमाश आसपास के ही हैं। जल्द बदमाशों को दबोच लिया जाएगा।