हेलीकॉप्टर से होगी कांवड़ यात्रा की निगरानी
गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा के दौरान इस बार जिले में हेलिकॉप्टर से पेट्रोलिंग की जाएगी। कांवड़ मार्ग पर 150 जगह पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। करीब ढाई हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी और अधिकारी कांवड़ यात्रा की सुरक्षा और ट्रैफिक को संभालेंगे। एसएसपी ने सुरक्षा का खाका तैयार कर सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी दे दी है। शहरी क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के नोडल अधिकारी एसपी सिटी और देहात क्षेत्र में एसपी ग्रामीण होंगे।
कांवड़ यात्रा से ठीक पहले नोएडा में दो संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी के चलते जिले में भी अलर्ट जारी हुआ है। दिल्ली के पास होने से गाजियाबाद क्षेत्र पहले से ही संवेदनशील क्षेत्र में है। इस बार कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा बीते वर्षों से ज्यादा पुख्ता की जा रही है। एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि कांवड़ यात्रा की निगारानी के लिए मेरठ के साथ-साथ गाजियाबाद को हेलीकॉप्टर मिलेगा। दो-तीन दिन गाजियाबाद में हेलिकॉप्टर से पेट्रोलिंग की जाएगी। इसके लिए जल्द ही गाजियाबाद को डीजीपी कार्यालय से शेड्यूल मिल जाएगा। संवेदनशील क्षेत्र में हेलीकॉप्टर के जरिए आसमान से निगहबानी की जाएगी। कांवड़ियां मुरादनगर गंगनहर पर नहाने लगते हैं। डूबने की आशंका रहती है। इस पर मुरादनगर गंगनहर पर पीएसी की फ्लड टीम व गोताखोर तैनात किए जाएंगे। एसएसपी का कहना है कि एनडीआरएफ से भी मदद ली जाएगी।
150 स्थानों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
कांवड़ मार्ग पर मेरठ बार्डर से लेकर यूपी बार्डर तक 150 प्वाइंट चिह्नित किए गए हैं। इन प्वाइंट पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। विभिन्न स्थानों से इन कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी। यह कैमरे जीडीए की मदद से लगाए जाएंगे, लेकिन मॉनीटरिंग का जिम्मा पुलिस का होगा।
छह ड्रोन तैनात रहेंगे संवेदनशील क्षेत्रों में
एसएसपी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान ड्रोन कैमरे भी मंगाए जाएंगे। छह ड्रोन कैमरों के जरिए कांवड़ यात्रा के दौरान निगरानी रखी जाएगी। जल्द ही इन ड्रोन कैमरों का ट्रायल किया जाएगा। ज्यादा भीड़ वाले स्थानों पर इन ड्रोन कैमरों को इस्तेमाल किया जाएगा।
कांवड़ यात्रा के दौरान तैनात रहने वाला स्टाफ
एएसपी 06
सीओ 08
इंस्पेक्टर 35
सब-इंस्पेक्टर 100
कांस्टेबल/हेड कांस्टेबल 1500
ट्रैफिक पुलिस का स्टाफ
ट्रैफिक इंस्पेक्टर 03
ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर 20
एचसीपी 37
हेड कांस्टेबल 41
कांस्टेबल 197
कोट
कांवड़ यात्रा के लिए सुरक्षा की तैयारियां की जा रही हैं। यात्रा में निगरानी के लिए ड्रोन और हेलीकॉप्टर के इस्तेमाल की भी प्लानिंग है। सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने का काम शुरू कर दिया गया है। एक अगस्त से सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर तैनात कर दिया जाएगा। - वैभव कृष्ण, एसएसपी