दो सप्ताह बाद भी व्यापारी को नहीं तलाश पायी पुलिस
गाजियाबाद। कविनगर से 13 मार्च को अगवा हुए चाइनीज फूड कारोबारी के मामले में कविनगर पुलिस के दो सप्ताह बाद भी हाथ खाली हैं। पुलिस अब तक न तो कारोबारी का पता लगा सकी और न ही बदमाशों का। परिवार बेटे की तलाश में थाने के चक्कर लगा रहा है। कविनगर एसएचओ का कहना है कि आरोपियों और कारोबारी की तलाश में पुलिस की एक टीम लगी है।
गौरतलब है कि 13 मार्च को विक्की उर्फ वेद (20) का अपहरण करने के बाद बदमाशों ने 50 लाख की फिरौती मांगते हुए उसके दोस्त के मोबाइल पर कॉल और मैसेज किए थे। विक्की निवासी भट्टा नंबर-5 स्थित गढ़ी माजरा गांव में परिवार के साथ रहता है। विक्की बड़े भाई सचिन के साथ सी-ब्लॉक कविनगर में चाइनीज फूड का काम करता हैं। सचिन ने बताया कि 13 मार्च को रात करीब साढ़े नौ बजे नौकर राजू को कुछ देर में आने की बात कहते हुए विक्की कहीं गया था। इसके बाद राजू ने उसे करीब 10 मिनट बाद कॉल की तो उसने पांच मिनट में आने को कहा। पौने 10 बजे दोबारा कॉल करने पर उसका मोबाइल स्विच ऑफ था। तब से वह घर नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद पिता मुकेश ने 15 मार्च को कविनगर थाने में गुमशुदगी की दर्ज कराई थीद्घ जिसे बाद में अपहरण की धाराओं में दर्ज किया गया। विक्की के गायब होने के बाद 17 मार्च की सुबह उसके दोस्त माइकल के मोबाइल पर दो मैसेज और कॉल आई। जिनमें लिखा गया कि तुम्हारा भाई हमारे पास है और 50 लाख का इंतजाम रखिये।