छात्रा से दुष्कर्म, आपत्तिजनक फोटो वायरल
मसूरी। डासना में कक्षा आठ की एक छात्रा से दुष्कर्म के बाद आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। फोटो परिजनों के मोबाइल पर पहुंचे तो उन्होंने दुष्कर्म के आरोपी व उसके दोस्त पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी युवक छात्रा पर दबाव बनाकर 1.25 लाख रुपये और करीब पांच तोले सोने की ज्वेलरी भी हड़प चुका है।
डासना की एक कालोनी में रहने वाले व्यक्ति की 13 वर्षीय बेटी कक्षा आठ में पढ़ती है। परिजनों के मुताबिक कुछ महीनों पूर्व छात्रा की चाचा की लड़की ने उसकी मुलाकात फ्लैक्स का काम करने वाले मसूरी निवासी युवक कासिम से कराई थी। दोस्ती हुई तो बीती पांच जनवरी को कासिम उसे बहाने से फुसलाकर अपने घर ले गया। आरोप है कि यहां उसने छात्रा से दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक हालत में फोटो खींच लीं। उसने फोटो परिजनों को दिखाने और व्हाट्सएप और फेसबुक पर वायरल करने की धमकी दी। छात्रा के परिजनों का आरोप है कि फोटो वायरल करने का डर दिखाकर कासिम ने उससे 1.25 लाख रुपये करीब पांच तोले सोने की ज्वेलरी भी मंगा ली। घटना के बाद से ही छात्रा डरी सहमी रहने लगी। परिजनों ने कई बार वजह भी पूछी, लेकिन उसने परिजनों को नहीं बताया। तीन फरवरी को कासिम के एक दोस्त सिराज निवासी डासना ने फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिए। यह फोटो किसी ने छात्रा के परिजनों को दिखाए तो मामले का खुलासा हुआ। पीड़ित छात्रा के परिजनों ने बुधवार को दुष्कर्म के आरोपी कासिम और फोटो वायरल करने वाले सिराज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसएचओ मूसरी सतेंद्र प्रकाश सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।