अंगुली में स्याही लगाते वक्त बेहोश होकर गिरा कर्मचारी
साहिबाबाद। शहीद नगर मतदान केंद्र पर तैनात कर्मचारी दोपहर करीब डेढ़ बजे अचानक बेहोश होकर गिर गया। इससे बूथ में हड़कंप मच गया। बूथ पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे शालीमार गार्डन स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
मूलरूप से निवाड़ी के रहने वाले जातिराम (59) नगर पंचायत पतला में सफाईकर्मी के रूप में तैनात हैं। उनकी यहां शहीद नगर मतदान केंद्र पर ड्यूटी थी। वह मतदाताओं की अंगुली में स्याही लगा रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे अचानक उन्हें चक्कर आ गया, जब तक साथी कर्मचारी उन्हें संभालते वह जमीन पर गिर गए। मतदान केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन उन्हें शालीमार गार्डन स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टरों ने बताया कि पेट में गैस बनने और कमजोरी की वजह से जातिराम को दिक्कत हुई। उन्हें शाम करीब चार बजे छुट्टी दे दी गई।