नौकरी कर लौट रही महिला से किया गैंगरेप
लोनी। थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार रात नौकरी कर लौट रही महिला के साथ दो युवकों ने गैंगरेप किया। पीडिता के भाई ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया। पुलिस पीड़िता को मेडिकल चेकअप के लिए भेजकर जांच में जुटी है।
गांव निवासी एक व्यक्ति ने देर रात लोनी कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। उसने बताया कि रात करीब साढे़ आठ बजे उसकी 28 वर्षीय बहन गाजियाबाद स्थित एक व्यवसायिक संस्थान में ड्यूटी कर घर लौट रही थी। तभी गांव के शैंकी उर्फ सतेंद्र और कालू उर्फ कुलदीप उसे जबरन बाइक पर बैठाकर खेत में ले गए। जहां दोनों ने उसके साथ गैंगरेप किया। बाद में शैंकी ने बहन को गांव में छोड़ा और उससे कहा कि किसी को बताने पर जान से मार दूंगा। पीडिता ने घर पहुंच कर परिजनों को आपबीती सुनाई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज कर सोमवार रात दोनों को दबोच लिया। सीओ दुर्गेश कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।