फेसबुक पर दोस्ती कर ठगों ने इंदिरापुरम न्याय खंड निवासी एक युवक से 70 हजार रुपये ठग लिए। यह इसके बाद और पैसे मांगने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने ठग को फोन किया तो उसका नंबर बंद आया। पीड़ित ने थाना इंदिरापुरम में ठगी की शिकायत दी है।
न्याय खंड एक निवासी विजय त्रिपाठी ऑनलाइन कोच का काम करते हैं। उनकी फेसबुक पर यूके के एक युवक से दोस्ती हो गई। दोनों रोजाना बातचीत करने लगे। इस दौरान ठग ने बताया कि वह इंडिया आकर उनके साथ बिजनेस करना चाहता है। इस पर वह राजी हो गए। ठग ने बताया कि वह सोमवार को इंडिया आ रहा है।
इसके बाद सोमवार को उनके पास फोन आया कि मुंबई एयरपोर्ट पर ज्यादा पैसा होने की वजह से उन्हें पकड़ लिया गया है। उन्हें छोड़ने के लिए पुलिस डेढ़ लाख रुपये मांग रही है। उसने इंडियन करंसी में मदद करने के लिए पैसे एक अकाउंट में डालने की बात कही। विजय ने 70 हजार रुपये दिए गए अकाउंट में डाल दिए।
इसके बाद ठग उनसे और पैसे की डिमांड करने लगा। इस पर विजय ने खुद को ठगा महसूस किया तो ठग को फोन मिलाया तो नंबर बंद मिला। विजय ने थाना इंदिरापुरम में ठगी की शिकायत दी है। एसएचओ पीके त्रिपाठी का कहना है कि शिकायत लेकर जांच की जा रही है।