हैंगिंग की वजह से हुई थी बीटेक छात्रा की मौत
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
साहिबाबाद।
शिप्रा सनसिटी के फ्लैट में रहने वाली बीटेक छात्रा की मौत हैंगिंग की वजह से हुई थी। मंगलवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। छात्रा के परिजनों ने अब मामले की जांच की मांग की है।
26 नवंबर की देर रात अलीगढ़ के विष्णु पुरी निवासी बीटेक की छात्रा शुभी अग्रवाल इंदिरापुरम की शिप्रा सनसिटी स्थित एक फ्लैट में फंदे से लटकी हुई मिली थी। वह रूममेट प्रज्ञा के साथ रहती थी और नोएडा सेक्टर-62 स्थित जेपी इंस्टीट्यूट से बीटेक फोर्थ ईयर की छात्रा थी। सूचना पर शुभी के दोस्त फंदे से उतारकर उसे नोएडा के फोर्टिस अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक शुभी के माथे पर चोट और गले पर फंदे का निशान मिला था। परिजनों ने छात्रा के सुसाइड करने की बात कही थी। मंगलवार को पुलिस के पास पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी पहुंच गई है। एसएसपी हरिनारायण सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग आई है। यानी परिजनों और शुभी के दोस्तों के बयानों को बल मिला है। सोमवार को शुभी के परिजनों ने सुसाइड की तहरीर दी थी। ऐसे में पुलिस के लिए जांच को आगे बढ़ाने का रास्ता बंद हो गया था। एसएसपी ने बताया कि शुभी के परिजनों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच की मांग की है। मामले की जांच की जाएगी।