लुटेरों का गैंग चलाता था ‘बंदर’, पांच गिरफ्तार
गाजियाबाद। अल्फा टीम और लिंक रोड पुलिस ने पांच लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूटे गए 11 मोबाइल और चोरी की एक बाइक समेत दो बाइकें बरामद हुई हैं। पकड़े गए लुटेरों के गैंग को मोनू उर्फ बंदर चलाता था और पूर्व में वह दिल्ली से कई बार जेल जा चुका है। लुटेरों का यह गैंग गाजियाबाद के अलावा नोएडा, दिल्ली और एनसीआर के अन्य शहरों में भी वारदात करता था।
एसएसपी वैभव कृष्ण ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि पकड़े गए लुटेरे विकास निवासी उत्तरांचल कॉलोनी लोनी, अरविंद निवासी कल्याणपुरी दिल्ली, धनंजय निवासी रामप्रस्था गाजियाबाद, डब्लू निवासी अट्टा नोएडा और मोनू उर्फ विशाल उर्फ बंदर निवासी कल्याणपुरी दिल्ली हैं। उन्हें रविवार की रात रंगोली तिराहा सूर्य नगर से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए लुटेरे बाइकों पर घूमते थे और राहगीरों से मोबाइल व पर्स लूटते थे। गैंग का सरगना मोनू उर्फ बंदर, मोबाइल पलक झपकते ही झपट लेता था। इसीलिए गैंग में इसका नाम बंदर पड़ गया। उनके पास से बरामद किए गए 11 मोबाइल में से छह गाजियाबाद के इंदिरापुरम, साहिबाबाद, लिंक रोड और कविनगर थाना क्षेत्रों से लूटे गए थे। इन छह फोन को कनेक्ट कर लिया गया है। बाकी पांच फोन को कनेक्ट करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बरामद हुई दो बाइकों में से एक लिंक रोड थाना क्षेत्र से चुराई गई थी। दूसरी बाइक विकास की है और इसे भी वह लूट की वारदातों में इस्तेमाल करते थे।