वीडियो वायरल होने पर भी सिपाही पर नहीं हुई कार्रवाई
गाजियाबाद। विजयनगर क्षेत्र में पीआरवी पर तैनात सिपाही का रुपये लेते वीडियो वायरल होने के मामले में सीओ अभी तक जांच पूरी नहीं कर पाए हैं। एक दिव्यांग की सट्टे की पर्ची के साथ फोटो डिलीट करने के नाम पर रुपये लेने वाले पुलिसकर्मी का चेहरा, पीआरवी नंबर समेत कई जानकारी मिलने के बावजूद पुलिसकर्मी पर कार्रवाई नहीं हुई।
एसपी सिटी श्लोक कुमार ने सीओ सिटी प्रथम को मामले की जांच सौंपी थी। कई दिन बीत जाने के बावजूद अभी भी जांच पूरी नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो में सिपाही एक पीड़ित से रुपये लेते हुए साफ दिखाई दे रहा था। वह पीआरवी 2144 पर तैनात बताया जा रहा है। वहीं इस मामले की जांच कर रहे सीओ फर्स्ट धर्मेंद्र चौहान के मुताबिक जांच में पता चला है कि वीडियो करीब एक माह पुराना है। पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों के बारे में पता किया जा रहा है। वीडियो में रुपये देने वाले व्यक्ति से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। उसका मोबाइल बंद है।