बालकनी में फंदे पर लटका मिला युवक का शव
साहिबाबाद। वसुंधरा सेक्टर-तीन स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग की छठवीं मंजिल पर बालकनी की ग्रिल पर फंदे से संदिग्ध हालात में युवक का शव लटका मिला। सोसायटी के सुरक्षा गार्ड की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतक युवक निर्माणाधीन बिल्डिंग में ही काम करता था और यहीं रहता था। पुलिस के अनुसार, युवक ने अपनी हत्या किए जाने की आशंका सुरक्षा गार्डों से जताई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
जानकारी के मुताबिक, वसुंधरा सेक्टर-तीन में जेएनसी ग्रीन वूड्स सोसायटी का निर्माण कार्य चल रहा है। सोसायटी में गौतम (45) लिंटर डालने में सरिया बांधने का काम करता था। वह दो माह से ही निर्माणाधीन सोसायटी में ही रह रहा था। रविवार सुबह आठ बजे गौतम का शव सोसायटी की छठवीं मंजिल पर बालकनी की ग्रिल पर फंदे पर लटका मिला। सुरक्षा गार्डों ने शव देखकर तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को नीचे उतारा। इंदिरापुरम एसएचओ नजीर अली का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह का पता चलेगा।
अपनी हत्या किए जाने की जताई थी आशंका
पुलिस जांच में सामने आया है कि गौतम ने अपनी जान को खतरा होने की बात रविवार तड़के सोसायटी गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों से बताई थी, तब सुरक्षाकर्मियों ने गौतम से पूछा था कि कौन तुम्हारी हत्या करना चाहता है। हालांकि गौतम ने किसी का नाम नहीं बताया था। सुरक्षा गार्ड ने निर्माणाधीन सोसायटी में रहने वाले अन्य मजदूरों से भी पूछताछ की, लेकिन सभी ने किसी भी तरह के झगड़े होने की बात से इंकार किया था।
युवक का पता तक नहीं तलाश सकी पुलिस
खुद को हाईटेक बताने वाली इंदिरापुरम पुलिस यह तक नहीं पता लगा सकी है कि गौतम का ठेकेदार कौन है। ठेकेदार के मिलने पर ही गौतम के स्थाई निवास का पता चल सकेगा। गौतम का किसी से विवाद हुआ था, इस बारे में भी पुलिस को पता नहीं है। सोसायटी में रहने वाले अन्य मजदूरों को जानकारी नहीं है कि गौतम कहां का रहने वाला था।
शिवानी भटनागर
रुकमणि मोदी महिला इंटर कॉलेज