गाजियाबाद। बीती रात करीब 10:30 बजे युवती सेक्टर-62 से ऑटो में बैठी। बैठने के तीन मिनट बाद ही युवती का कपड़े से मुंह दबा दिया गया। युवती बदमाशों से छूटने की कोशिश करती रही, लेकिन आरोपियों ने तमंचे के बल पर धमकाते रहे। छेड़छाड़ की। उससे मोबाइल छीनने के बाद एटीएम कार्ड लिया और पासवर्ड पूछा।
युवती ने मना किया तो आरोपियों ने गोली मारने की धमकी दी। करीब 20 मिनट तक युवती आरोपियों की प्रताड़ना को सहती रही। कुछ देर बाद उन्होंने विजयनगर में डीपीएस स्कूल के पास छोड़ दिया। वहां से गुजर रहे एक युवक से उसने मोबाइल से एक कॉल कराने की गुहार लगाई।
युवती ने 100 नंबर पर कॉल किया, जिसके बाद 100 नंबर की गाड़ी युवती को विजयनगर थाना लेकर पहुंची। युवती ने ऑटो का कुछ नंबर और हुलिया बताया। उसके बाद पुलिस ने क्षेत्र में बदमाशों की घेराबंदी शुरू कर दी। मुठभेड़ के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।