मदन स्वीट्स पर बदमाशों ने की फायरिंग, अफरातफरी
गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित एक नामचीन रेस्तरां पर सोमवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग की। घटना के वक्त रेस्तरां मालिक और उनका बेटा दोनों ही नहीं थे। फायरिंग से पूरे बाजार में दहशत फैल गई और बदमाश फरार हो गए। फायरिंग की यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। रेस्तरां मालिक की पत्नी ने सिहानी गेट थाने में दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। रेस्तरां मालिक से करीब डेढ़ माह पूर्व कुख्यात बिल्लू दुजाना के नाम पर दो करोड़ की रंगदारी भी मांगी गई थी।
ब्रह्मपाल यादव की राकेश मार्ग पर मदन स्वीट्स के नाम से शॉप और रेस्तरां है। इसके ऊपर ही उनका घर है। पुलिस के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बाइक पर दो बदमाश आए और रेस्तरां के बाहर से ही चार राउंड फायर किए। फायरिंग से शीशे का गेट चकनाचूर हो गया और रेस्तरां में अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। वारदात से करीब एक घंटा पहले ही रेस्तरां मालिक ब्रह्मपाल यादव और उनका बेटा वहां से निकले थे। एसपी सिटी श्लोक कुमार ने बताया कि रेस्तरां मालिक की पत्नी रेशमा यादव ने सिहानी गेट थाने में तहरीर दी है। केस दर्ज कर लिया गया है। रेस्तरां में लगे सीसीटीवी की फुटेज लेकर बदमाशों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। बदमाशों ने हेलमेट पहना था। उनकी बाइक पर भी नंबर नहीं था।
रंगदारी के मामले में दो आरोपी हो चुके गिरफ्तार
करीब डेढ़ माह पूर्व ब्रह्मपाल और उनके बेटे संदीप के फोन पर कॉल कर बदमाशों ने बिल्लू दुजाना के नाम पर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। सिहानी गेट थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। एसपी सिटी श्लोक कुमार ने बताया कि इस मामले में दो लोगों को ट्रेस किया गया था। गुलशेर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उसका एक साथी आशू एक वारंट के मामले में खुद ही जेल चला गया था। फोन नंबर के आधार पर उन्हें ट्रेस किया गया था। धमकी मिलने के बाद से ही उन्हें अस्थायी सुरक्षा मुहैया कराई गई है।
रेस्तरां मालिक ने मांगी थी स्थायी सुरक्षा
एसपी सिटी का कहना है कि एक दिन पहले रेस्तरां मालिक सिहानी गेट थाने में एसएचओ से मिले थे। वह स्थायी सुरक्षा की मांग कर रहे थे। मामले की जांच की जा रही है। जरूरत पड़ी तो स्थायी सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी।