महागुनपुरम सोसायटी के बिल्डर, एओए व मेंटीनेंस एजेंसी पर रिपोर्ट दर्ज
गाजियाबाद। आग लगने से फ्लैट का 10 लाख का सामान जल जाने के मामले में महागुनपुरम सोसायटी के बिल्डर, अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों और मेंटीनेंस एजेंसी की मुश्किल बढ़ गई है। फ्लैट मालिक दिनेश कुमार की शिकायत पर कविनगर पुलिस ने विभिन्न रिपोर्ट दर्ज की है।
एनएच-24 स्थित महागुनपुरम सोसायटी के फ्लैट नंबर-955 में रहने वाले दिनेश कुमार का कहना है कि वह 19 फरवरी को अपने एक रिश्तेदार के यहां जन्मदिन के कार्यक्रम में गए थे। 20 फरवरी की सुबह 11 बजे उन्हें फ्लैट में आग लगने की सूचना फोन पर मिली। वह घर पहुंचे तो सारा सामान जल चुका था। इसकी शिकायत उन्होंने एओए से की। दिनेश का कहना है कि वह मेंटेनेंस एजेंसी को प्रतिमाह तीन हजार रुपये मेंटेनेंस शुल्क देते हैं। बावजूद इसके सोसायटी में फायर फाइटिंग सिस्टम बेकार पड़ा है। आरोप है कि शिकायत करने पर मेंटेनेंस एजेंसी संचालक ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। दिनेश कुमार ने कविनगर थाने में तहरीर दी थी। इस पर कविनगर पुलिस ने बिल्डर, एओए पदाधिकारी, सीएसके फेसेलिटी मैनेजमेंट प्रा.लि. के मैनेजिंग डायरेक्टर मयंक अग्रवाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। उधर, महागुनपुरम सोसायटी के एओए अध्यक्ष आईसी जिंदल का कहना है कि अभी सोसायटी एओए को हैंडओवर नहीं हुई है। उसका रखरखाव बिल्डर द्वारा किया जा रहा है, ऐसे में उनका इस घटना से कोई ताल्लुक नहीं है। वहीं, फ्लैट मालिक दिनेश कुमार का कहना है कि इस मामले में उन्होंने मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।