सेनेटरी कारोबारी से बाइकर्स ने चेन लूटी
गाजियाबाद। बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने शास्त्री नगर में सेनेटरी कारोबारी से चेन लूट ली। कारोबारी मां के साथ सब्जी लेने शास्त्री नगर सी-ब्लाक गए थे। शोर मचाने पर बदमाश भाग गए। पीड़ित ने 100 नंबर पर कॉल कर सूचना दी।
गोविंदपुरम की पंचशील प्राइम रोज में रहने वाले रोहन गुप्ता की रमतेराम रोड पर सेनेटरी की शॉप है। वह रविवार शाम कार से मां को लेकर शास्त्री नगर सी-ब्लाक गए थे। वह कार से उतरकर सब्जी लेने के लिए जाने लगे, तभी बाइक पर दो बदमाश आए और उनके गले से चेन लूटकर भागने लगे। उन्होंने शोर मचाया, लेकिन बदमाश सी-ब्लाक की मेन रोड की ओर भाग गए। उन्होंने तत्काल डायल-100 पर सूचना दी। पुलिस करीब 15 मिनट बाद मौके पर पहुंची, तब तक बदमाश जा चुके थे। उन्होंने कविनगर थाने में चेन लूट की तहरीर दी है।