63 लाख के लेनदेन में मारपीट, बिल्डर का दांत टूटा, डीलर का सिर फूटा
- दोनों ओर से रिपोर्ट दर्ज, प्रापर्टी डीलर को पुलिस ने गिरफ्तार किया
अमर उजाला ब्यूरो
गाजियाबाद। रुपयों के लेनदेन में एक बिल्डर और प्रापर्टी डीलर के बीच मारपीट हो गई। डीलर ने लोहे की रॉड से हमला कर बिल्डर का दांत और पैर तोड़ दिया। बिल्डर ने प्रापर्टी डीलर का सिर फोड़ दिया। पुलिस ने घायल बिल्डर को अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी प्रापर्टी डीलर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पक्षों की ओर से सिहानी गेट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
विजयनगर में रहने वाले सौरभ त्यागी बिल्डर हैं और राजनगर एक्सटेंशन में उनका थ्री डाइमेंशंस कृष्णा एसेट्स डेवलपर्स के नाम से ऑफिस है। सौरभ त्यागी के भाई अतुल त्यागी के मुताबिक मोरटी के रहने वाले सतेंद्र त्यागी से उनका लेनदेन चल रहा है। 14 जनवरी को सतेंद्र त्यागी कॉल करने के बाद सौरभ त्यागी के ऑफिस पर आया। बातचीत में उत्तेजित हो गया और सौरभ पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में उसका एक दांत टूट गया और एक पैर की हड्ड टूट गई। अतुल का आरोप है कि सतेंद्र ने ऑफिस में दो अन्य लोगों के साथ मिलकर हमला किया है। उधर, सतेंद्र का कहना है कि उसके 63 लाख रुपये सौरभ पर उधार हैं। एक बिल्डिंग प्रोजेक्ट के लिए उसने उधार लिए थे। उधार वापस नहीं मिल रहा। 14 जनवरी को बातचीत के दौरान सौरभ ने झगड़ा शुरू किया और उस पर हमला कर सिर फोड़ दिया। एसओ सिहानी विनोद कुमार पांडेय के मुताबिक दोनों पक्षों की ओर से मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। सतेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद सौरभ पर भी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।