कबाड़ी की दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जला
गाजियाबाद। कबाड़ी की दुकान में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आधा घंटे की मशक्कत के बाद फायर बिग्रेड की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया गया है।
उस्मान पुत्र इरफान की शास्त्री नगर में कबाड़ी की दुकान है। करीब पौने दस बजे वह दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक आग लग गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। लोगों ने तत्काल फायर बिग्रेड को सूचना दी। 20 मिनट बाद फायर बिग्रेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। एफएसओ सुशील कुमार ने बताया कि आग की सूचना मिलने पर तत्काल दो गाड़ियां भेजी गईं। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया।
- गैस एजेंसी केपास थी कबाड़े की दुकान
शास्त्रीनगर में जहां आग लगी थी, उसकी कुछ दूरी पर गैस एजेंसी थी। लोगों को डर था कि कहीं आग की लपटें गैस एजेंसी तक न पहुंच जाएं। आग की लपटों के कारण कई दुकानों के लैंटर और दिवार भी चटक गए।