खोड़ा में ‘यूथ गैंग’ करता था लूट, पांच गिरफ्तार
गाजियाबाद। ट्रांस हिंडन एरिया (टीएचए) के इंदिरापुरम और खोड़ा क्षेत्र में पर्स, मोबाइल लूट की वारदातें ‘यूथ गैंग’ करता था। खोड़ा पुलिस ने इस गैंग के पांच लुटेरों को गिरफ्तार कर दो बाइक और 12 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तारी के दिन ही इन लुटेरों ने इंदिरापुरम क्षेत्र में लूट की एक वारदात को अंजाम दिया था।
एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि गिरफ्तार लुटेरे हिमांशु, लोकेश, सुरेंद्र, शोभित निवासी खोड़ा और लालू निवासी घड़ौली, गाजीपुर हैं। उन्हें 15 जून की रात करीब 12 बजे चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। एसएसपी ने बताया कि गैंग में सभी लुटेरे युवा हैं और तेज बाइक दौड़ाते हैं। यह नशे के आदी है। नशे के लिए रुपये जुटाने के लिए ही लूट की वारदात को अंजाम देते हैं। उनका कहना है कि गैंग अब तक 50 से ज्यादा वारदात कर चुका है। इनके पास से विजयनगर और दिल्ली से चोरी की गई दो बाइक बरामद की गई हैं। इनके अलावा लूट के 12 मोबाइल बरामद हुए हैं। इनमें से 10 मोबाइल कनेक्ट किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि गैंग के सभी पांच लुटेरे अलग-अलग बाइक पर साथ चलते थे। यह गाजियाबाद के अलावा नोएडा और दिल्ली क्षेत्र में भी लूट की वारदात करते थे।
1500 रुपये में बेचते थे लूटा गया मोबाइल
पुलिस के मुताबिक लुटेरे लूटे गए स्मार्टफोन को एक हजार से 1500 रुपये में दिल्ली में जाकर बेच देते थे। इसके बाद वह मोबाइलों को खरीदने वाले दुकानदार आईएमईआई नंबर बदलकर उसे आगे बेच देते हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह जानकारी जुटाई जा रही है कि उन्होंने कहां-कहां मोबाइल बेचे हैं।