फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छात्र के स्थान पर 12वीं की कंपार्टमेंट परीक्षा दे रहा मुन्नाभाई गिरफ्तार

Thu, 04 Jul 2019 12:17 AM IST
गाजियाबाद ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गाजियाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन

गाजियाबाद के कविनगर के केडीबी पब्लिक स्कूल में मंगलवार को दोस्त के स्थान पर सीबीएसई 12वीं की कंपार्टमेंट परीक्षा देने आए मुन्नाभाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्रवेश पत्र और आधार कार्ड से चेहरे का मिलान न होने पर शक हुआ। उन्होंने स्कूल के अध्यापकों को बुलाकर पहचान कराई तो छात्र फर्जी निकला। स्कूल की प्रधानाचार्य एवं केंद्र अधीक्षक निवेदिता राणा ने दोनों आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी व परीक्षा अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।

विज्ञापन


कविनगर थाना क्षेत्र के केडीबी पब्लिक स्कूल में मंगलवार को सीबीएसई 12वीं गणित की कंपार्टमेंट की परीक्षा थी। जिले के कई स्कूलों के बच्चों ने इस परीक्षा में भाग लिया था। विद्यालय की प्रधानाचार्या निवेदिता राणा ने बताया कि सुबह 10 बजे एंट्री के समय एक छात्र ने खुद को नंदग्राम स्थित मदर इंडिया पब्लिक स्कूल का छात्र बताया। उसके प्रमाण पत्र चेक किए गए तो उन्हें कुछ शक हुआ। चेकिंग करने वाली टीम ने छात्र को विद्यालय में प्रवेश करने दिया और परीक्षा की अनुमति भी दे दी। छात्र को देखकर उन्हें फर्जीवाड़ा लग रहा था।

उन्होंने संबंधित विद्यालय को फोन करके छात्र के संदिग्ध होने की जानकारी दी। साथ ही विद्यालय के शिक्षक भेजने को कहा, जिससे वह छात्र की पहचान कर सकें। डेढ़ घंटे बाद विद्यालय का स्टाफ वहां पहुंचा और छात्र को देखकर उन्होंने पहचानने से इंकार कर दिया। कहा कि यह युवक उनके विद्यालय का छात्र ही नहीं है। इसके बाद विद्यालय की प्रधानाचार्या ने कविनगर थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। कविनगर थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने अपना नाम उपेंद्र राघव निवासी अर्थला बताया। बताया कि 20 वर्षीय आरोपी, 17 वर्षीय दोस्त की परीक्षा देने आया था।
विज्ञापन


दोस्त के लिए भविष्य लगा दिया दांव पर
उपेंद्र ने बताया कि उसका 17 वर्षीय दोस्त पढ़ने में काफी कमजोर था। वह लगातार उसे परीक्षा देने के लिए दबाव बना रहा था। उसने कहा था कि उसकी तैयारी नहीं है। अगर वह परीक्षा देने गया तो फेल हो जाएगा। दोस्त फेल न हो जाए, इसलिए उपेंद्र परीक्षा देने के लिए तैयार हो गया। वह मंगलवार को विद्यालय में परीक्षा देने पहुंच गया। उसने बताया कि वह यूपी बोर्ड से दो वर्ष पहले 12वीं की परीक्षा पास कर चुका है। अब वह प्राइवेट पढ़ाई कर रहा है। उसने बताया कि वह पहले प्रवेश पत्र और आधार कार्ड में फोटो बदलवाना चाहता था, लेकिन समय कम होने के कारण वह आधार कार्ड और प्रवेश पत्र में फोटो को एडिट नहीं कर पाए।

नीट की परीक्षा में भी पकड़े दो युवक
मई-जून में हुई नीट की परीक्षा में दो युवकों को दूसरे के स्थान पर नकल करते हुए पकड़ लिया था। वह प्रवेश पत्र और आधार कार्ड में फोटो बदलकर परीक्षा दे रहे थे। दोनों आरोपियों ने परीक्षा देने के नाम पर एक-एक लाख रुपये लिए थे। पुलिस ने विद्यालय की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया था। उनमें से एक युवक एमबीबीएस का छात्र था।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें