बिल्डर ने पांच बार बेच दिया एक ही फ्लैट
गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र में बिल्डर ने एक ही फ्लैट को पांच बार बेच दिया और उस पर अलग-अलग लोगों के नाम से कई बार लोन भी पास करा दिया। पीड़ित की रिपोर्ट पर विजयनगर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया कि उस पर पांचों में मुकदमों में धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने का आरोप है। आरोपी पहले के मामलों में स्टे भी ले आया है।
विजयनगर थाने में विमल ढींगरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि प्रताप विहार सेक्टर-12 निवासी रमेश चंद गुप्ता लक्ष्मीपति बिल्डकॉन फर्म चलाता है। पीड़ित ने बताया कि आरोपी से प्रताप विहार के सेक्टर-12 स्थित लो-राइज बिल्डिंग में भूतल का फ्लैट 2011 में 35 लाख रुपये में खरीदा था, जिसके लिए पंजाब एंड सिंध बैंक से उन्होंने 20 लाख रुपये का लोन कराया था। अक्टूबर 2017 में डीएचएफएल बैंक की टीम ने फ्लैट की कुर्की करने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि बैंक कुर्की कैसे कर सकता है। इसके बारे में जानकारी की तो पता चला कि इसी घर पर समेंद्र पाल सिंह ने 40 लाख रुपये का लोन ले रखा है। बताया गया कि आरोपी ने सतेंद्र को भी यही फ्लैट बेच रखा था। विजयनगर थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि आरोपी ने फर्जी दस्तावेज तैयार करके फ्लैट को कई बार बेच दिया और कई बार उस पर लोन दिया करा दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ 2017 से 2019 के बीच विजयनगर थाने में ही पांच मुकदमे दर्ज हुए हैं। पूर्व के मुकदमे में रमेश कोर्ट से स्टे ले आया था। इस मामले में जांच के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी की गई है। पुराने मामलों के बारे में जानकारी की जा रही है।