सब स्टेशन में युवक ने घुसकर की तोड़फोड़
साहिबाबाद। वैशाली सेक्टर 1 के बिजली सब स्टेशन पर शनिवार शाम एक युवक ने घुसकर तोड़फोड़ कर दी। साथ ही नाइट शिफ्ट में कर्मचारियों और गार्ड से मारपीट की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। अवर अभियंता ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अवर अभियंता बनवारी लाल ने बताया कि शनिवार शाम करीब पांच बजे एक युवक बिजली घर की बाउंड्री फांदकर जबरन घुस आया और ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी शिवकुमार और नील कमल पर ईंट से हमला कर दिया। इसके बाद कंट्रोल रूम में शीशे तोड़कर अंदर पहुंच गया। इसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कर दी। आरोपी युवक ने कई सरकारी दस्तावेज भी फाड़ दिए। बिजलीघर में मौजूद कर्मियों ने रोका तो उनसे मारपीट की। मौके पर पहुंची पुलिस और आरोपी युवक को थाने ले आई। युवक मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है। अवर अभियंता ने इंदिरापुरम थाने में तहरीर दी है। एसएचओ इंदिरापुरम संदीप सिंह ने बताया कि आरोपी राहुल के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।