लिवइन में रह रहे युवक ने दूसरी महिला से की शादी, युवती पहुंची थाने
साहिबाबाद। लिंक रोड थाना क्षेत्र की एक युवती ने प्रेमी पर धोखा देने का आरोप लगाया है। पीड़िता प्रेमी के साथ काफी समय से लिवइन रिलेशनशिप में रह रही थी। प्रेमी द्वारा दूसरी महिला से शादी करने पर युवती ने लिंक रोड थाने में शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।
जानकारी के मुताबिक मूलरूप से प्रयागराज का रहने वाला एक युवक एक युवती के साथ काफी समय से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा था। युवक साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र साइट-4 की एक निजी कंपनी में काम करता है। इस बीच युवक ने घरवालों की मर्जी से किसी और महिला से शादी कर ली। शादी के बाद वह पीड़िता से अलग रहने लगा। युवती को शादी का पता चला तो युवक को समझाने का प्रयास किया। लेकिन युवक ने उस युवती के साथ रहने और शादी करने से मना कर दिया। पीड़िता युवक पर पत्नी के साथ तलाक लेकर उसके साथ रहने का दबाव बनाने लगी, लेकिन वह तैयार नहीं हुआ। इसके बाद युवती ने धोखा देने का आरोप लगाते हुए लिंक रोड थाने में मामले की शिकायत की है। सीओ आरके मिश्रा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।