क्लिक केनाम पर 4.83 लाख की ठगी, चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
गाजियाबाद। लोगों को क्लिक कर घर बैठे रुपये कमाने का सपना दिखाकर ठगी करने का मामला सामने आया है। एक कंपनी के चार लोगों ने पीड़ित से एक वर्ष में रुपये दोगुना करने के नाम पर 4.83 लाख रुपये की ठगी कर ली। बताया कि आरोपी करीब 400 लोगों से ठगी कर चुके हैं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने उक्त कंपनी के चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
राजनगर एक्सटेंशन की वीवीआइपी एड्रेसेज में निवासी विजय कुमार शर्मा सेल्स मैनेजर हैं। ढाई साल पूर्व दोस्त ने उन्हें सिहानी गेट क्षेत्र स्थित गो-नेक्स्ट सॉल्यूशंस कंपनी के बारे में बताया। उन्होंने बताया गया कि 79 हजार रुपये की एक आइडी खरीदने पर रोजाना 150 क्लिक मिलेंगे और एक क्लिक का पांच रुपये मिलेगा। टीडीएस काटकर रोजना खाते में 500-600 रुपये की राशि आएगी। नवंबर-दिसंबर 2016 में उन्होंने एक आइडी खरीदी। कुछ दिन तक क्लिक के नाम पर रुपया उनकेखाते में आते रहे। धीरे-धीरे उनका कंपनी पर विश्वास बढ़ता चला गया। उन्होंने आइडी लगाने के लिए बैंक से लोन भी ले लिया। बताया कि 4.80 रुपये का लोन लेने के बाद 4.83 लाख रुपये की आइडी लगा दी। इतने रुपये लगने के बाद 5-6 दिन तक रुपये आए। उसके बाद क्लिक आनी बंद हो गईं। उन्होंने जानकारी की तो बताया गया कि सर्वर डाउन होने के कारण दिक्कत आ रही है, जल्द ही क्लिक आनी शुरू हो जाएंगी और रुपया भी मिलने लगेगा। परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। बताया गया कि काफी लोग इस कंपनी से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कई दिनों तक इंतजार किया, लेकिन न तो क्लिक आए और न रुपये। काफी दिनों तक इंतजार करने के बाद आरोपियों से संपर्क किया गया। उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। यही कहते रहे कि क्लिक और रुपये दोनों आ जाएंगे। उन्होंने जुलाई 2017 में पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने भी कोई सुनवाई नहीं की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मिले। उसके बाद भी पुलिस ने नहीं सुना। उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर अपनी शिकायत की। जिसके बाद भी उन्हें जांच के नाम पर दो साल तक घुमाया गया। सिहानी गेट थाना प्रभारी उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि शास्त्रीनगर निवासी नितिन कुमार, न्यू आर्यनगर निवासी मोहित बत्रा, कविनगर निवासी सचिन प्रताप सिंह और राहुल सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि अन्य लोगों से भी इसी तरह की ठगी की गई। उनके बारे में भी जानकारी की जा रही है। जांच के बाद स्थिति साफ होगी।