चिप लगा सास का फोन किया है, अब पति से मांग रही तलाक
गाजियाबाद। कविनगर क्षेत्र में सास के मोबाइल को हैक कर उसकी बात रिकार्ड करने के बाद महिला पति पर तलाक देने का दबाव बना रही है। पति ने पत्नी के खिलाफ गोपनीयता भंग करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कविनगर क्षेत्र में रहने वाले आयकर विभाग के अधिकारी की शादी 2007 में हुई थी। बताया कि आए दिन पत्नी किसी न किसी मामले को लेकर झगड़ा करती रहती है। उन्होंने आरोप लगाते हुए तहरीर दी है कि पत्नी ने उनकी मां के फोन में स्पीक रिकार्डर चिप फीड कर दी और मोबाइल को हैक कर लिया। जो कॉल उनकी मां के नंबर पर आती थी। उसकी सारी बातें पत्नी सुनती थी और वह सभी बातें रिकार्ड होती रहती थीं। आरोप लगाया कि उनकी सभी बातों को रिकार्ड करके उन्हें अपने पास रख लिया। अब वह बातों को सार्वजनिक करने की धमकी दे रही है। सास पर दबाव बना रही है कि वह बेटे से तलाक दिलवाए। सास के सुनवाई न करने पर अब उसने पति पर तलाक देने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया है। पीड़ित पति ने कहा कि महिला ने गोपनीयता भंग की है और चोरी से उनकी बातों को रिकार्ड किया है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सीओ द्वितीय आशित कुमार सिंह का कहना है तहरीर के आधार पर गोपनीयता भंग करने और तलाक के लिए दबाव बनाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पारिवारिक विवाद है।