धार्मिक स्थल पर पहुंचने के मामले में 27 पर रिपोर्ट दर्ज
साहिबाबाद। ज्ञान खंड-3 स्थित धार्मिक स्थल पर शुक्रवार को भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर को कनावनी पर रोकने के बाद हंगामा और पुलिस से धक्कामुक्की करने के मामले में पुलिस ने 27 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। दो लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने मोडिफाइड रायफल, एक पिस्टल और कारतूस बरामद किए थे। एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो के जरिए पुलिस अन्य लोगों को तलाश कर रही है। वहीं धार्मिक स्थल पर पुलिस बल अभी तैनात है।
एसएचओ इंदिरापुरम संदीप सिंह ने बताया कि चौकी प्रभारी वसुंधरा जितेंद्र बालियान की ओर से दो नामजद गुलजार निवासी विजयनगर और दीपक समेत 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने गुलजार को गिरफ्तार कर लिया है। एसएचओ ने बताया कि आरोपी के पास से एक मोडिफाइड रायफल, एक पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए हैं। वीडियो के जरिए अन्य लोगों की पहचान कराई जा रही है। जल्द ही अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर धार्मिक स्थल तोड़े जाने की अफवाह पर शुक्रवार को भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर लाव लश्कर के साथ लोगों से मिलने पहुंच रहे थे। इस दौरान एलआईयू, पुलिस और प्रशासन अलर्ट था। पुलिस ने दोपहर दो बजे कनावनी पुलिया के पास चंद्रशेखर को रोककर हिरासत में ले लिया। चंद्रशेखर को चेतावनी देकर जिले की सीमा से बाहर छोड़ दिया था। इस दौरान समर्थकों ने पुलिस से नोकझोंक और धक्कामुक्की कर आगे बढ़ने का प्रयास किया था। पुलिस ने एक दर्जन से अधिक का शांतिभंग की धारा में चालान किया था।
धार्मिक स्थल पर तैनात है पुलिस
एसएचओ ने बताया कि जीडीए की जमीन की फिलहाल बैरिकेडिंग करा दी गई है। आसपास शांतिपूर्ण स्थिति है। आसपास के लोग भी शांति बनाए रखने में सहयोग कर रहे हैं। मौके पर पुलिस बल तैनात है। अफवाह फैलाने वालों और सौहार्द बिगाड़ने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।