150 से अधिक कार लूटने वाले पांच बदमाश गिरफ्तार
गाजियाबाद। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने लग्जरी कार लूटने वाले पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। एक बदमाश घायल हो गया, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों से चार कारें बरामद की गई हैं। बताया गया कि आरोपी कार लूटने के बाद पूर्वोत्तर में जाकर फर्जी दस्तावेज तैयार करके बेच देते हैं। पकड़े गए बदमाश अब तक 150 से अधिक लग्जरी कारें बेच चुके हैं।
एसपी सिटी श्लोक कुमार ने बताया कि सिहानीगेट थाना पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। सोमवार रात 12 बजे रेड कारपेट मोरटा चौकी क्षेत्र में एक संदिग्ध सफेद रंग की आई-20 कार को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने बदमाशों पर फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के गोली लग गई। आरोपी को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम मोईन उर्फ मोनी निवासी अंती थाना खतौली मुजफ्फरनगर बताया। उसके दूसरे साथी आशु निवासी न्यू आर्यनगर सिहानीगेट को भी गिरफ्तार कर लिया। चार आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बाद में लोकेश कश्यप मुरादनगर, केशव भोवापुर मुरादनगर, विनय निवासी ग्राम शिवपुरी मीरापुर मुजफ्फरनगर को भी गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक अन्य आरोपी मोहसीन निवासी मेरठ फरार है। आरोपियों से 27 मई को राजनगर एक्सटेंशन के पास से लूटी गई आई-20 कार, चोरी की गई आई-10 कार, दिल्ली से चोरी की गई ब्रेजा कार, लूट में शामिल फार्रच्यूनर कार, तीन तमंचा, कारतूस, एक चाकू बरामद किया है।
- दिल्ली-एनसीआर में करते थे लूटपाट
आरोपी अब तक 150 से अधिक लग्जरी कारें लूट चुके हैं। पुलिस ने बताया कि बदमाश दिल्ली-एनसीआर से कार चोरी और लूटकर पूर्वोत्तर में जाकर बेच देते हैं। किसी को शक न हो इसके लिए वह कार लूटने के बाद उससे आरसी निकाल लेते हैं। आरसी पर नाम और पता सही होता है। उस पर केवल फोटो चेंज कर दिया जाता है। कोई भी व्यक्ति चेक करता है तो उसे कुछ पता नहीं चल पाता है। बताया कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने के बाद कम दामों पर बेच देते हैं।
- इस तरह से देते हैं वारदात को अंजाम
आरोपी एक स्थान पर एकत्रित होकर योजनाबद्घ तरीके से खड़े होते हैं। वहां पर गाड़ियों की रेकी करते हैं। सुनसान रास्ते पर आते ही अवैध असलाह का प्रयोग कर चालक को बंधक बनाकर लूट लेते हैं। उनका मोबाइल व अन्य सामान भी छीन ले जाते हैं। मोबाइल को तत्काल बंद कर देते हैं, जिससे गाड़ी की लोकेशन का पता न चल सके।
- शराब तस्करी में करते हैं गाड़ियों का इस्तेमाल
पुलिस ने बताया कि आरोपी कार लूटने और चोरी के करने के बाद उनका शराब तस्करी में प्रयोग करते थे। वह हरियाणा, अरुणांचल प्रदेश व अन्य राज्यों की शराब की तस्करी करते हैं। यदि कहीं फंसते नजर आते हैं तो कार को वहीं छोड़कर फरार हो जाते हैं। इस कारण पुलिस भी इन्हें नहीं पकड़ पाती है।
- मोईन उर्फ मोनी है मास्टर माइंड
लग्जरी कार लूट का असली मास्टरमाइंड मोईन उर्फ मोनी है। इसने अपने गैंग में मोहसीन को शामिल किया हुआ है। यह लोग लग्जरी कार चोरी या लूटने के बाद पूर्वोत्तर के राज्य और जिलों में बेचने के लिए ले जाते हैं। बताया कि लोकेश, केशव, विनय से भी यह चोरी और लूट के वाहन खरीद लेते हैं।