घर में घुसकर चाकू से मां-बेटे पर हमला
गाजियाबाद। विजयनगर थानाक्षेत्र में उधार के रुपये न देने पर घर में घुसकर युवक व उसकी मां पर चाकू से हमला कर दिया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विजयनगर थाना क्षेत्र की माता कालोनी निवासी पवन पर ऋषभ और सुमित के करीब नौ हजार रुपये उधार हैं। ऋषभ ने बताया कि आरोपी रुपये मांग रहे थे। उन्हें रुपये देने का आश्वासन दिया था, लेकिन मंगलवार को वह घर में घुस आए और आते ही चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर आई मां ने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दिया। इस दौरान महिला के हाथ में चाकू मार दिया। शोर होने पर आसपास केलोग आ गए। आरोपी उन्हें देखकर मौके से फरार हो गए। दोनों को एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित ने बताया कि यहां मेडिकल बनाने के नाम पर पांच हजार रुपये की मांग की गई। पुलिस के कहने पर मेडिकल रिपोर्ट दी गई। विजयनगर थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि सुमित और ऋषभ के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।