103 किलो गांजा के साथ एक गिरफ्तार
गाजियाबाद। जिले में गांजा की सप्लाई बड़े स्तर पर की जा रही है। एक सप्ताह में पुलिस ने दो बड़ी कार्रवाई की हैं। गांजा तस्करी करने वाले कई लोगों को गिरफ्तार भी किया। सोमवार को मसूरी थाना पुलिस ने युवक आरोपी को 103 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। उससे चार लाख रुपये भी बरामद किए हैं। आरोपी उड़ीसा से गांजा लाकर गाजियाबाद में सप्लाई करता था।
एसपी देहात नीरज कुमार जादौन ने बताया कि जिले में अवैध शराब, नशीले पदार्थ बेचने के लिए आपरेशन नारको चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले में 50 से अधिक लोगों को पकड़ा जा चुका है। उन्होंने बताया कि सोमवार को क्षेत्राधिकारी सदर प्रभात कुमार के निर्देशन में मसूरी थाना प्रभारी प्रवीण कुमार शर्मा टीम के साथ इंतजार उर्फ राजू निवासी बरनावा खादर पट्टी थाना बिनोली जिला बागपत हाल पता एम ब्लाक लोहियानगर थाना खरखोदा मेरठ को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 103 किलो 340 ग्राम गांजा और चार लाख रुपये की नकदी बरामद की है। आरोपी ने बताया कि वह उड़ीसा में कंबल बेचने का काम करता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात डासना निवासी इरफान और नीरज से हो गई। उन्होंने लालच दिया कि वह गांजा की सप्लाई करेगा तो कम समय में अमीर आदमी बन जाएगा। उसको गांजे की खरीदारी से लेकर बिक्री तक के बारे में समझाया गया। इरफान और नीरज के कहने पर इंतजार उड़ीसा के मलकानगिरि जगह से ट्रेन के माध्यम से गाजियाबाद गांजा लेकर आता था। गांजा लाकर इरफान और नीरज को सौंप देता था। वह शहर में गांजे की सप्लाई करते थे।
1400 रुपये किलो खरीदा गांजा
एसपी देहात ने बताया कि उड़ीसा ने 1400 रुपये किलो गांजा खरीदा गया। गाजियाबाद में लाकर यह गांजा पांच से छह हजार रुपये किलो बेचा जाता है। जबकि दिल्ली में इस गांजे को 10 हजार रुपये किलो की कीमत पर बेचा जाता है। उन्होंने बताया कि बरामद किए गए गांजे की कीमत करीब 10 लाख रुपये से अधिक है। तीन महीने पहले ही इंतजार ने गांजा तस्करी का काम शुरू किया था।