तेज धमाके के साथ फटा ट्रांसफार्मर, दर्जी झुलसा
साहिबाबाद। इंदिरापुरम के अहिंसाखंड-2 में निराला ईडन पार्क सोसायटी के बाहर लगा ट्रांसफार्मर देर शाम 5:30 बजे अचानक फट गया। हादसे में ट्रांसफार्मर के पास बैठा दर्जी गंभीर रूप से झुलस गया। साथ ही एक मोपेड में आग लग गई। आनन-फानन में आसपास के लोग घायल को पास के निजी अस्पताल ले गए। जहां गंभीर हालत होती देखकर डाक्टरों ने उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया।
मूल रूप से मधेपुरा बिहार के रहने वाले मंजूर आलम कनावनी गांव में किराए के मकान में रहते हैं। अंहिसाखंड-2 स्थित निराला ईडन पार्क सोसायटी के बाहर ट्रांसफार्मर के पास सिलाई का काम करते हैं। रविवार शाम करीब 5:30 बजे ट्रांसफार्मर में चिंगारी निकली और ट्रांसफार्मर तेज धमाके के साथ फट गया। इस दौरान ट्रांसफार्मर का गर्म तेल पीड़ित मंजूर आलम के ऊपर गिर गया और आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि पास खड़ी एक मोपेड बाइक और सिलाई मशीन पूरी तरह राख हो गई। हादसे के बाद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। बिजली विभाग को कॉल कर लाइन बंद कराई गई। इसके बाद सोसायटी से पानी लाकर आग बुझाई गई। साथ ही घायल को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डाक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। एसएचओ इंदिरापुरम संदीप सिंह ने बताया जलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित को नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया। वहीं, बिजली विभाग के जेई का कहना था गर्मी और ओवरलोडिंग होने के कारण ट्रांसफार्मर तेज आवाज के साथ फट गया।
भागने का भी नहीं मिला मौका
प्रत्यक्षदर्शी और मोपेड मालिक उम्मेद अली ने बताया कि वह घरों के कुकर और गैस सही करने का काम करते हैं। अक्सर वह यहां आकर आराम करते हैं। रविवार को उन्होंने अपनी मोपेड बाइक मंजूर के पास खड़ी कर कुछ दूरी पर बनी दुकान पर पानी पी रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। मंजूर आग में घिरा हुआ था। आग इतनी तेजी से फैली कि किसी के पास भी वहां से हटने का मौका नहीं मिला।