कॉलेज के हॉस्टल में सो रहे छात्रों के मोबाइल चोरी
गाजियाबाद। कॉलेज के हॉस्टल में सो रहे छात्रों के चार मोबाइल चोरी कर लिए गए। उठने पर छात्रों को मोबाइल चोरी होने की जानकारी हुई। सीसीटीवी में चोर भी कैद हो गया। पीड़ित छात्रों ने सिहानीगेट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सिहानीगेट थाना क्षेत्र के एक कॉलेज के हॉस्टल में रहकर बीटेक द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे अभिषेक शर्मा, अलीशेर, अमन गुप्ता और रजनीश कुमार के 31 मई की सुबह चार मोबाइल चोरी हो गए। पहले अभिषेक उठा तो उसका मोबाइल गायब था। उसने दूसरे साथियों से पूछा तो उन्होंने भी अपना मोबाइल गायब बताया। सभी छात्र हॉस्टल के मुख्यद्वार पर गए और वहां पर सीसीटीवी की फुटेज चेक कराई, जिसमें एक व्यक्ति अंदर आता हुआ दिखाई दिया। अभिषेक ने बताया कि चोर अन्य कमरों में भी गया, लेकिन वहां के छात्र जगे होने के कारण वह सॉरी बोलकर वहां से निकल गया। चार छात्र सोते हुए मिले, उनके मोबाइल लेकर फरार हो गया। बताया कि 25 मई को भी अभिषेक का एक और मोबाइल चोरी कर लिया था। अब तक पांच मोबाइल चोरी हो चुके हैं। सिहानीगेट थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि पीड़ित छात्रों की तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।