फॉरच्यूनर सवार बदमाशोें ने आई-20 कार लूटी
गाजियाबाद। सिहानीगेट थाना क्षेत्र में बेखौफ फॉरच्यूनर सवार पांच से अधिक बदमाश आई-20 कार लूटकर ले गए। बदमाशों ने पीड़ित को जमकर पीटा और सड़क पर छोड़कर राजनगर एक्सटेंशन की तरफ फरार हो गए। सिहानीगेट थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मनीष कुमार राजनगर एक्सटेंशन की अजनारा सोसायटी में रहते हैं। वह इंदिरापुरम की एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। सोमवार की रात करीब साढ़े 10 बजे वह लौट रहे थे। इसी दौरान सिटी फारेस्ट के पास फॉरच्यूनर सवार बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक करके रोक लिया। कार की खिड़की खुलवाई और मनीष को पीटना शुरू कर दिया। दो बदमाश कार में बैठे और राजनगर एक्सटेंशन की तरफ कार को लेकर फरार हो गए। पीड़ित किसी तरह घर पहुंचे और लूट की जानकारी दी। पीड़ित ने बताया कि उसका मोबाइल भी कार में ही चला गया। जिस कारण वह परिवार को घटना के तुरंत बाद सूचना नहीं दे पाए थे। परिवार पीड़ित को लेकर सिहानीगेट थाने पहुंचा, जहां चौकी की सीमा को लेकर विवाद चलता रहा। इस कारण पीड़ित की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। बताया कि मंगलवार की रात रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सिहानीगेट थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर संबंधित चौकी इंचार्ज को आदेश दे दिए हैं। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज निकलवाए जा रहे हैं, जिससे फॉरच्यूनर कार के नंबर का पता चल सके। उसके आधार पर आरोपियों को आसानी से गिरफ्तार किया जा सकता है।
- लूट की हो सकती है फॉरच्यूनर
पुलिस का मानना है कि जिस फारच्यूनर से आई-20 कार को लूटा गया है। वह कार भी चोरी की हो सकती है। वह दिल्ली, हरियाणा या अन्य राज्य से चोरी या लूट की हो सकती है। उसका नंबर मिलने के बाद ही सही जानकारी हो पाएगी। अंधेरा होने के कारण पीड़ित भी कार का नंबर नहीं देख पाया।
- पहले भी हो चुकी हैं कार लूट
शहर में कार लूट का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई कार लूटी जा चुकी हैं। एक युवक को गनप्वाइंट पर लेकर डासना फ्लाईओवर के पास से कार लूट ली गई थी। सिहानीगेट थाना क्षेत्र में सिगरेट पी रहे युवक से बदमाश कार लूटकर फरार हो गए थे। कुछ दिन पहले मसूरी थाना क्षेत्र में एक इंस्टीट्यूट के एडमिन से डस्टर लूट ली थी। उस कार को लूटने के बाद बदमाशों ने गुलावठी और मेरठ में पेट्रोल पंप से लूट भी की थी।