बदमाशों ने युवक से बाइक, 30 हजार लूटे
लोनी। बार्डर थाना की बेहटा हाजीपुर कॉलोनी में शनिवार सुबह बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर युवक से 30 हजार रुपये और बाइक लूट ली। युवक के विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। पीड़ित के परिजनों का आरोप है कि बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग की लेकिन पुलिस ने फायरिंग की बात तहरीर में नहीं लिखवाई। वहीं पुलिस ने फायरिंग की बात से इनकार करते हुए रिपोर्ट दर्ज की है।
बेहटा हाजीपुर कॉलोनी मनीराम परिवार के साथ रहते हैं। वह सीलमपुर में कबाड़े का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि वह सुबह करीब साढ़े चार बजे बाइक से सीलमपुर जा रहे थे। घर से कुछ दूरी पर सीसीएस स्कूल के पास पहुंचे तो पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। बाइक चला रहे बदमाश नकाबपोश था। लेकिन पीछे बैठे दोनों बदमाश बिना नकाब थे। बदमाशों ने उनकी जेब में रखे करीब 30 हजार रुपये लूटने लगे। लूट का विरोध करने पर एक बदमाश ने तमंचा निकाला और उनके सर पर बट मारकर घायल कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर बाइक से उतार दिया और बाइक बदमाश फरार हो गए। इसके बाद आसपास के लोगों ने पीड़ित के परिवार को इसकी जानकारी दी। परिवार के लोग पीड़ित को लेकर थाने पहुंचे। जहां उन्होंने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ शिकायत दी। लोनी बार्डर थाना एसएचओ शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।
परिजनों ने लगाया फायरिंग का आरोप
पीड़ित मनीराम के भाई प्रताप सिंह ने बताया कि विरोध करने पर बदमाशों ने उनके भाई पर तीन राउंड फायरिंग की है। आरोप लगाया है कि तहरीर लिखने के दौरान पुलिस कर्मियों ने लूट की बात तो लिखवा दी। लेकिन फायरिंग की बात नहीं लिखवाई है। परिजनों के कहने पर पुलिस ने तमंचे की बात ही लिखवाई है।
घायल को कराया भर्ती
बदमाशों द्वारा तमंचे की बट मारकर घायल होने पर परिवार के लोग मनीराम को थाने लेकर पहुंचे। जहां खून ज्यादा निकलने पर परिजनों ने उन्होंने दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई। उनके सिर में कई जगह चोट आई हैं।