बेटों को पीटना पिता को पड़ा भारी
-- पुलिस ने तीनों को शांतिभंग करने के आरोप में भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
धौलाना। पड़ोसी गांव में मैच खेलने के दौरान बेटों को पीटना एक पिता को भारी पड़ गया। स्थानीय लोगों द्वारा दी गई सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर मुचलका पांबद किया है। मामला देहरा गांव से जुड़ा है।
गांव देहरा निवासी नावेद और नाजिम अपने घर का काम बीच में छोड़कर क्रिकेट खेलने के लिए अपने साथियों के साथ पड़ोस के गांव पिपलैडा में आए थे। पिता जावेद दोनों भाईयों को ढूंढते हुए परेशान हो गए। जानकारी मिली कि दोनों भाई क्रिकेट खेलने के लिए पिपलैड़ा गए हैं। पिता भी दोनों बेटों को ढूंढते हुए पिपलैडा पहुंच गया और गुस्से में अपने दोनों बेटों को पकड़कर पीटने लगा। मामले की सूचना किसी ने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मौके से पिता जावेद, पुत्र नावेद व नाजिम को गिरफ्तार कर शांतिभंग करने के मामले की कार्रवाई कर जेल भेज दिया।