कंदौला में वायरल बुखार से दो की मौत
धौलाना। गांव कंदौला में बुधवार देर शाम वायरल बुखार से पीड़ित दो लोगों की मौत हो गई। दोनों की मौत के बाद गांव में सन्नाटा पसर गया। गमगीन माहौल में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। उधर, वायरल बुखार से मौत की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची और वायरल पीड़ित अन्य मरीजों को दवाईयां दीं।
गांव कंदौला में 55 वर्षीय सुभाष सिंह एवं 29 वर्षीय नरेंद्र पुत्र हुकम सिंह पांच छह दिन से बुुुुखार से पीड़ित थे। जिन्हें परिजनों ने पिलखुवा स्थित एक निजी नर्सिंग होम में इलाज कराया। उपचार के दौरान हालत गंभीर होने पर परिजन मेरठ और दिल्ली इलाज के लिए ले गए। जहां इलाज के दौरान बुधवार देर शाम दोनों की मौत हो गई। बृहस्पतिवार सुबह दोनों के शवों का गांव में अंतिम संस्कार हुआ।
बुखार से दो मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग की कुंभकर्णी नींद टूटी। बृहस्पतिवार को कंदौला पहुंचे जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. शीशपाल सिंह, आईडीएसडी डॉ राजश्री पुंडीर के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलाना की टीम गांव में पहुंची। बुखार के दौरान जान गंवाने वालों के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में फैल रही बीमारियों की जानकारी दी। कन्दौला निवासी प्रमोद कुमार ने बताया कि गांव में तेज बुखार, मलेरिया, टायफाइड और पीलिया के साथ पेटदर्द, डायरिया के मरीजों की गांव- गांव बढ़ती संख्या से लोगों में दहशत है। एक माह में बुखार की चपेट में आकर छह मौतों ने ग्रामीणों को हिला कर रख दिया है। सितंबर माह में संजीव पुत्र लीलू, प्रिया पुत्री लीलू, गैंदा जोगी की पुत्री प्रिया , भोपाल प्रजापति ,सुभाष सिंह पुत्र डिगंबर सिंह व नरेंद्र पुत्र हुकम सिंह की मौत हो चुकी हैं।
उधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलाना के मेडिकल अधिकारी डॉ. सुनील गुप्ता ने बताया कि बुखार से दो लोगों की मौत की सूचना मिली थी। जिसे गंभीरता से लेते हुए टीम मौके पर पहुंची। गांव में शिविर लगाकर बुखार पीड़ित मरीजों की दवाईयां दी गई हैं।