अनुभव मित्तल की पत्नी आयुषी की तलाश में पुलिस ने पिलखुवा में मारा छापा
नहीं मिली मास्टरमाइंड की पत्नी, घर की तलाशी ली
दादा दादी से पूछताछ, मुरादाबाद में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं अनुभव और उसकी पत्नी आयुषी के खिलाफ दर्ज
अनुभव और उसके पिता सुनील मित्तल बंद हैं जेल में, पिलखुवा के मोहल्ला कृष्णगंज में है मास्टरमाइंड का आवास
अमर उजाला ब्यूरो
पिलखुुवा। सोशल ट्रेड के माध्यम से 3700 करोड़ की लाइक ठगी करने के मास्टमाइंड अनुभव मित्तल की पत्नी आयुषी मित्तल की तलाश में मंगलवार देर रात मुरादाबाद पुलिस ने पिलखुवा में मोहल्ला कृष्णगंज में छापेमारी की। इस दौरान मोहल्ले में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पूरे घर की तलाशी ली। यहां अनुभव मित्तल के मकान में आयुषी नहीं मिली। पुलिस ने दादा वेदप्रकाश और दादी मूर्ति देवी से पूछताछ की। पुलिस ने आयुषी की गिरफ्तारी का अंतिम तीसरा वारंट भी तामिल कराया। मुरादाबाद के विभिन्न थानों में अनुभव और उसकी पत्नी आयुषी के खिलाफ दर्जनों मुकदमें दर्ज हैं।
लाइक ठगी के मामले में नोएडा में सोशल ट्रेड के माध्यम से 3700 करोड़ की लाइक ठगी करने वाला अनुभव मित्तल औषोगिक नगरी पिलखुुवा के मोहल्ला कृष्णगंज में रहता है। यहां अनुभव के दादा वेदप्रकाश मित्तल परचून की दुकान चलाते हैं। जबकि जेल में बंद अनुभव के पिता सुनील मित्तल की इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान है।
अनुभव मित्तल ने कंपनी में अपने पिता सुनील मित्तल और पत्नी आयुषी मित्तल को डायरेक्टर बना रखा था। लाइक ठगी का मामला प्रकाश में आने के बाद कई राज्यों के थानों में अनुभव और उसकी पत्नी आयुषी के खिलाफ दर्जनों मामले दर्ज हुए थे। मुरादाबाद में भी कई थानों में अनुभव और उसकी पत्नी के खिलाफ ठगी के मुकदमें दर्ज हुए थे। अनुभव और उसके पिता सुनील मित्तल की गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ सहित कई राज्यों की पुलिस अनुभव की पत्नी और कंपनी की डायरेक्टर आयुषी मित्तल की तलाश में तेजी से जुटी है।
मंगलवार देर रात मुरादाबाद के सिविल लाइन थाने के दरोगा संजय कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिसबल ने मोहल्ला कृष्णगंज में अनुभव मित्तल के आवास पर पत्नी आयुषी की तलाश में छापा मारा। घर की पुलिस ने तलाशी ली। इस दौरान पुलिस ने दादा वेदप्रकाश मित्तल और दादी मूर्ति देवी से आयुषी के संबंध में पूछताछ की। बाद में दरोगा ने आयुषी की गिरफ्तारी का तीसरा अंतिम वारंट नोटिस तामिल कराया। पेपर पर दादा दादी के हस्ताक्षर कराएं। छापेमारी के दौरान मोहल्ले में हडकंप मच गया। भारी पुलिस बल के लौटने के बाद मोहल्ले के लोगों को राहत मिली।
कोतवाल पिलखुुवा पंकज लवानिया ने बताया कि मुरादाबाद की पुलिस मंगलवार देर रात यहां जेल में बंद लाइक ठगी का मास्टरमाइंड अनुभव मित्तल के निवास के संबंध में जानकारी मांग रही थी। पुलिसकर्मी को भेजकर अनुभव का घर बता दिया गया था।