बिजली खंभे पर तारों के बीच फंसी चिड़िया बचा रहा था युवक
फैजाबाद। कोतवाली नगर क्षेत्र के साहबगंज में बुधवार को बिजली के एक खंभे पर हाईटेंशन तार के बीच फंसी चील्ह (पक्षी) को बचाने में युवक की करंट से मौत हो गई। युवक ने जैसे ही खंभे पर चढ़कर चील्ह को छुआ, वह तेज करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया।
स्थानीय लोगों ने उसे जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। रामजानकी मंदिर साहबगंज निवासी युवक बब्लू सिद्दीकी (28) पुत्र उलफत अली शाम करीब चार बजे हाईटेंशन तार में पोल के पास फंसी चील्ह को निकालने के लिए खंभे पर चढ़ा।
उसने जैसे ही पक्षी को छुआ, अचानक हाईटेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। उसे स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। चौकी प्रभारी साहबगंज अविनाश कुमार चौहान ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है, जांच की जा रही है।