ड्राईक्लीन की दुकान में लगी आग, लाखों का नुकसान
रेलवे रोड स्थित एक ड्राइक्लीन की दुकान में मंगलवार तड़के भीषण आग लग गई। आग में बाइक, स्कूटी, फनीचर, पंखे और कपड़े जल गए। मोदीनगर से पहुंची दमकल विभाग की गाड़ी ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
चमनलाल की कुमार ड्राइक्लीनर्स के नाम से रेलवे रोड पर दुकान है। दुकान पर उनका बेटा ऋषि बैठता है। मंगलवार सुबह करीब चार बजे दुकान से धुआं निकलता देखकर आसपास के लोगों ने शोर मचाया। लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी।
मोदीनगर से पहुंची दमकल विभाग की गाड़ी ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ऋषि ने बताया कि आग में दुकान के अंदर खड़ी स्कूटी, बाइक, फर्नीचर, पंखे समेत लोगों के 20 लाख रुपये कीमत के कपड़े जल गए। पीड़ित दुकानदार ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।