युवतियों की वीडियो क्लिप बना रहे युवकों को पीटा
लठीरा के कच्चे घाट पर रविवार को गंगा में डुबकी लगा रहीं युवतियों की वीडियो क्लिप बना रहे युवकों ने मना करने पर युवतियों के परिजनों के साथ अभद्रता कर दी। इससे गुस्साई भीड़ ने युवकों की पिटाई कर दी।
ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर परिजनों के साथ गढ़ क्षेत्र के गांव लठीरा के कच्चे स्नान घाट पर हजारों महिलाएं डुबकी लगा रही थीं। दोपहर बाद करीब चार बजे वहां पहुंचे चार युवक ने मोबाइल से गंगा में नहा रहीं तीन युवितयों की वीडियो क्लिप बनाने लगे।
नजर पड़ते ही युवतियों के परिजनों ने इसका विरोध किया। लेकिन अपनी करतूत पर शर्मिंदा होने की बजाए युवक उल्टे उनके साथ ही गाली गलौच और अभद्र करने लगे। शोर सुनकर आसपास में खड़े लोग हरकत में आ गए और मामले का पता लगते ही उनका पारा चढ़ गया।
उन्होंने पीछा कर चारों युवकों को दबोच लिया और उनकी पिटाई कर दी। हालांकि बाद में माफी तलाफी करने पर उन्हें किसी भी कार्रवाई के बिना छोड़ दिया गया। इंस्पेक्टर समरजीत सिंह का कहना है कि इस संबंध में पुलिस को कोई भी शिकायत अथवा तहरीर नहीं मिली है।
इसलिए घटना के विषय में कोई जानकारी नहीं है।