ऑटो और ट्राले की भिड़ंत, दो की मौत, तीन घायल
साहिबाबाद। यूपी गेट पर सोमवार देर रात फ्लाईओवर के नीचे ट्राले ने ऑटो को टक्कर मार दी। ट्राला ऑटो को करीब 20 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे में आटो सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। ऑटो चालक की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज ट्राले को कब्जे में ले ले लिया है। ट्राला चालक फरार है।
सोमवार रात करीब एक बजे सवारियाें से भरा ऑटो दिल्ली की ओर से आ रहा था। एक ट्राला लिंकरोड से दिल्ली की ओर जा रहा था। यूपी गेट फ्लाईओवर के नीचे ट्राले ने ऑटो में टक्कर मार दी। ट्राला ऑटो को करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। यूपी गेट चौकी प्रभारी धीरेंद्र उपाध्याय ने बताया कि हादसे में आटो सवार पश्चिम बंगाल निवासी दीप चटर्जी (25) और सपन कुमार (45) निवासी रामपुर की मौके पर ही मौत हो गई। पश्चिम बंगाल निवासी ध्रुव चटर्जी, सन मुखर्जी और दिल्ली बदरपुर निवासी ऑटो चालक गंगा को वैशाली के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद चालक मौके पर ट्राला छोड़कर फरार हो गया। इंस्पेक्टर ओपी सिंह ने बताया कि ऑटो चालक गंगा की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
हादसे के बाद लगा जाम
रात एक बजे ऑटो और ट्राले की भिड़ंत के बाद सड़क के बीच में ही ट्राला खड़ा हो गया। इस दौरान लोग मदद के लिए जुट गए और पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते वाहनों की कतार लग गई। पुलिसकर्मी के मौके पर पहुंचने के बाद ट्राले को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया।