सूचना प्रसारण मंत्रालय में तैनात अफसर से बैग झपटा
साहिबाबाद। वसुंधरा सेक्टर-चार में बुधवार रात बाइक सवार दो बदमाशों ने सूचना प्रसारण मंत्रालय में तैनात अस्सिटेंट सेक्शन आफिसर का बैग झपट लिया। वारदात के दौरान वह आफिस से घर लौट रहे थे। पीड़ित ने इंदिरापुरम थाने में घटना की शिकायत दी है।
अजीत कुमार सिंह वसुंधरा सेक्टर-4 बी स्थित शिवगंगा सोसायटी में परिवार के साथ रहते हैं। वह दिल्ली शास्त्री भवन स्थित केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्रालय में अस्सिटेंट आफिसर हैं। उन्होंने बताया कि रोज की तरह वह बुधवार रात करीब नौ बजे आफिस से घर लौट रहे थे। उनके कंधे पर आफिस का बैग और दूसरे हाथ में सब्जी का बैग था। मेवाड़ कालेज के पास गली में पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके कंधे से बैग झपट लिया। जब तक वह कुछ समझ पाते तब तक बदमाश फरार हो गए। उन्होंने बताया कि बैग में एक हजार रुपये, एटीएम कार्ड, गृह मंत्रालय का कार्ड और मोबाइल था। उन्होंने इंदिरापुरम थाने में मामले की शिकायत दी है। एसएचओ इंदिरापुरम सचिन मलिक ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। गौरतलब है कि वसुंधरा सेक्टर-4 बी में पिछले एक महीने में झपटमारी और लूट की 20 घटनाएं घट चुकी हैं। इनमें से दस घटनाओं में शिकार 4 बी स्थित शिवगंगा सोसायटी के लोग हुए हैं। सोसायटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष योगेश त्यागी ने बताया कि इन सभी घटनाओं की शिकायत पुलिस में की गई थी लेकिन एक भी घटना का खुलासा नहीं हो सका है।
बदमाशों ने नहीं पहना था हेलमेट
पीड़ित अजीत ने बताया कि बदमाश काले रंग की बाइक पर थे। इस दौरान बदमाशों ने हेलमेट भी नहीं लगाया हुआ था। पीछे बैठे बदमाश की उम्र करीब 20 वर्ष होगी और वह कद काठी में काफी दुबला पतला था।