इंजीनियर के घर से
11 लाख की चोरी
- भतीजी की शादी करने आगरा गया था पीड़ित परिवार, रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
साहिबाबाद।
वैशाली सेक्टर-1 में चोरों ने दिल्ली सरकार में कार्यरत सुपरिडेंटेंट इंजीनियर के घर का ताला तोड़कर करीब 11 लाख की चोरी कर ली। वारदात के दौरान पीड़ित परिवार आगरा रिश्तेदारी में गया था। वहां से लौटने पर उन्हें चोरी का पता चला। इंदिरापुरम पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश में जुटी है।
एसके उपाध्याय वैशाली सेक्टर एक में परिवार के साथ रहते हैं। वह दिल्ली सरकार के स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट में एसई हैं। बृहस्पतिवार को आगरा में उनके भतीजी की शादी थी। 23 नवंबर की रात पूरा परिवार आगरा में ही था। शुक्रवार सुबह घर पहुंचे तो गेट पर लगे ताले टूटे मिले। घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारी व कमरों के ताले टूटे थे। अलमारी में रखी करीब 10 लाख की ज्वेलरी, 10 हजार रुपये और घरेलू सामान गायब था। पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने 100 नंबर को डॉयल किया, लेकिन कई बार प्रयास करने के बाद भी नंबर नहीं लगा। इंदिरापुरम एसएचओ सुशील दुबे ने बताया कि पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की जांच कर चोरों की तलाश में जुटी है।
लोहे की पत्ती फंसाकर तोड़े गए ताले
पीड़ित इंजीनियर का आरोप है कि चोरों ने चालाकी से घर के गेट पर लगे तालों को तोड़ा था। ताले तोड़ने के लिए चोरों ने एक लोहे की पत्ती का सहारा लिया था। मौके पर टूटे मिले तालों में वह पत्ती फंसी मिली है। पीड़ित का आरोप है कि चोरों ने दिन के समय ही घर की रेकी कर ली होगी।