अवैध संबंधों के शक में दोस्तों से करा दी पत्नी की हत्या
गाजियाबाद। बेहटा हाजीपुर नहर रोड पर हुई 27 नवंबर को हुई महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अवैध संबंधों के शक में पति ने ही सुपारी देकर पत्नी की हत्या कराई थी। दोनों का एक साढ़े तीन साल का बेटा भी है। पुलिस ने आरोपी पति समेत एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एक अन्य आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर है।
बेहटा हाजीपुर नहर रोड पर 27 नवंबर को 26 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतका के पति को शक था कि उसकी पत्नी का प्रेम प्रसंग चल रहा है। इस संबंध में उसके दोस्त दीपक ने भी बताया था। उसने कहा था कि तू कहां फंस गया है। दीपक ने महिला के पति से कहा कि 50 हजार रुपये खर्च करो तो तुम्हें पत्नी से छुटकारा दिला दूंगा। इसके लिए वह तैयार हो गया। 10 नवंबर को दीपक, फैजल और महिला के पति ने दोस्त दीपक के कमरे पर बैठकर शराब पी और पत्नी की हत्या का प्लान तैयार किया। एक सप्ताह पूर्व दीपक और फैजल महिला के पति से नोएडा में मिले। मृतका के पति ने कहा कि रुपयों का इंतजाम हो जाएगा। उसने बताया कि 27 नवंबर को साली का जन्मदिन है। वह पत्नी को लेकर वहां जाएगा। तुम लोग तैयार रहना, काम होते ही रुपये मिल जाएंगे। इससे पहले भी मृतका का पति अपने दोस्त दीपक को कई बार दो-चार हजार रुपये करके देता रहा। मृतका के पति ने दीपक अपना एक मकान बिना रुपये लिए किराए पर देने का वादा भी किया। 27 नवंबर को अपनी पत्नी को लेकर वह ससुराल लोनी बार्डर पहुंचा। अपना फोन ससुराल में छोड़ उसने पत्नी का फोन खुद ले लिया। पत्नी के फोन से ही कॉल करके दीपक और फैजल को शमशान घाट के पास बुलाया। दीपक ने फोन पर कहा कि रेलवे फाटक से एक किमी दूर पत्थर के पास कट पर किसी बहाने से बाइक रोक लेना। उन्होंने 5:30 बजे तक वहां पहुंचने की बात कही। इसके बाद पति ने घर से बार-बार फोन आने की बात कहकर पत्नी को जल्दी घर चलने को कहा। रेलवे फाटक से आगे बेहटा हाजीपुर लोनी रोड पर पोल के पास जाकर उसने बाइक रोक ली। इसी दौरान दीपक और फैजल ने महिला को पकड़कर दो गोली मार दी, उसकी मौत हो गई। मृतका के पति ने 39,500 रुपये निकालकर दीपक को दे दिए। मृतका पति ने ही अपने ससुर को हादसे की झूठी सूचना दे दी। एसएसपी उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक थाना लोनी बार्डर शैलेंद्र सिंह ने व उनकी टीम ने बुलंदशहर के एक गांव निवासी आरोपी पति को शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया था। शूटर फैजल निवासी शुक्र बाजार राजीव गार्डन थाना लोनी को शनिवार सुबह गिरफ्तार किया गया है। एक अन्य आरोपी दीपक पांचाल निवासी सुनीता विहार लोनी बार्डर फरार है। आरोपियों से तमंचा, सुपारी के दिए गए छह हजार रुपये बरामद हुए हैं।