चैट वायरल प्रकरण: डिबाई कोतवाल सस्पेंड, रिपोर्ट दर्ज
- सोमवार को डिबाई कोतवाल के सीयूजी नंबर की सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी चैटिंग
- चैटिंग में एसएसपी और एडीजी पर लगाए गए थे रुपये लेकर तैनाती-पोस्टिंग के आरोप
- देर रात एसएसपी ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराई थी रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। एडीजी और एसएसपी बुलंदशहर पर रुपये लेकर आरोप लगाने वाली चैट वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। देर रात एसएसपी ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। साथ ही मंगलवार सुबह डिबाई कोतवाल को निलंबित कर दिया। पुलिस जल्द ही इस साजिश को रचने वाले आरोपी को दबोचने का दंभ भर रही है।
बता दें कि सोमवार को सोशल मीडिया पर डिबाई कोतवाल के सीयूजी नंबर से की गई चैट के स्क्रीन शॉट वायरल हो रहे थे। जिसमें साफ तौर पर एडीजी और एसएसपी बुलंदशहर पर रुपये लेकर मनमाफिक पोस्टिंग व तैनाती करने का आरोप लगा था। उक्त चैट में एक व्यक्ति डिबाई इंस्पेक्टर से अपने किसी उपनिरीक्षक मित्र को नई मंडी चौकी दिलवाने की भी बात कह रहा है। जबकि, सीयूजी नंबर से पैसों के लेन-देन की बात की गई है। चैट वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। देर रात ही एसएसपी केबी सिंह ने मामले में नगर कोतवाली में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर व्हाट्स ऐप चैट का एक स्क्रीन शॉट वायरल हो रहा है। जिसमें प्रभारी निरीक्षक डिबाई के सीयूजी नंबर के द्वारा चैटिंग करना दर्शाया गया है। जिसमें उच्चाधिकारियों व एसएसपी बुलंदशहर पर ट्रांसफर-पोस्टिंग में धन लाभ अर्जित करने की बात कही गई है। आरोप है कि उक्त व्यक्ति द्वारा थाना प्रभारी डिबाई के सीयूजी नंबर को साइबर सिस्टम के माध्यम से कपटपूर्वक व इलैक्ट्रानिक दस्तावेज के रुप में उसको प्रसारित कर यह अपराध किया गया है। मामले में नगर कोतवाली पुलिस की तरफ से एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच अधिकारी निरीक्षक अवनीश कुमार को बनाया गया है। वहीं मंगलवार सुबह मामले में एसएसपी केबी सिंह ने डिबाई प्रभारी निरीक्षक परशुराम को निलंबित कर दिया है। साथ ही एसपीआरए को सात दिन के भीतर प्रारंभिक जांच पूरी कर जांच आख्या पेश करने के निर्देश दिए हैं।
दिनभर रही चैट वायरल की चर्चा
मंगलवार को दिनभर पुलिस महकमे में उक्त वायरल चैट के स्क्रीन शॉट की चर्चा रही। हर कोई सीयूजी नंबर से की गई उक्त चैट को लेकर स्तब्ध नजर आ रहा है।
कोट..
मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई हैे, साथ ही डिबाई कोतवाल को निलंबित कर दिया गया है। जल्द ही अज्ञात आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। - केबी सिंह, एसएसपी