फर्जी आईएएस गिरफ्तार, अफसर बनकर एसएसपी को किया था फोन
गाजियाबाद। आईएएस बनकर एसएसपी को फोन और मैसेज करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। युवक ने खुद को गृह मंत्रालय का ज्वाइंट सेक्रेटरी बताकर एसएसपी को फोन किया था। मारपीट के एक मामले में वह गिरफ्तारी के लिए दबाव बना रहा था।
एएसपी मनीषा सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि पकड़ा गया फर्जी आईएएस अनिल कुमार वर्मा निवासी गोकुलधाम सोसायटी सिद्धार्थ विहार है। वह कॉलोनी में ही मैनेजमेंट कोर्स की कोचिंग देता है। उसकी पत्नी मानसी कांबोज सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। 31 जुलाई को मानसी ने पड़ोस के सात लोगों केे खिलाफ विजयनगर थाने में मारपीट और गाली-गलौज की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपियों की गिरफ्तारी कराने के लिए अनिल कुमार वर्मा ने एसएसपी वैभव कृष्ण के सीयूजी नंबर पर चार बार कॉल की। खुद को गृह मंत्रालय का ज्वाइंट सेक्रेटरी बताया। और कहा कि मानसी की एफआईआर में आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करो। उसने यह भी कहा कि मानसी आकर मिलेगी, उसकी बात गंभीरता से सुनना। एसएसपी को शक हुआ तो नंबर को सर्विलांस पर लगवाकर डिटेल निकलवाई तो भेद खुल गया। मामले में एसएसपी के पीआरओ विक्रम सिंह (इंस्पेक्टर) ने विजयनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।