दिल्ली से सटे इलाकों में अपराध बढ़ते ही जा रहे हैं। गाजियाबाद में बुधवार को अपराध की कई वारदातें हुईं। सड़क हादसा, जमीन दिलाने के नाम पर ठगी, और मारपीट जैसे कई मामले सामने आए। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साहिबाबाद जीटी रोड पर हिंडन पुलिस चौकी के सामने बुधवार सुबह तेज रफ्तार जेसीबी चालक ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। हादसे में 67 साल के जयप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पुलिस और राहगीरों ने नेहरू नगर के सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। साहिबाबाद के जय भारत एंक्लेव में रहने वाले जयप्रकाश नए बस अड्डे की तरफ जा रहे थे।
जमीन दिलाने के नाम पर तीन लाख हड़पे
मसूरी थाना क्षेत्र के गांव निगरावटी में खेती की जमीन दिलाने के नाम पर मेरठ के महराजूद्दीन से तीन लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। मामले में उन्होंने कदीर, आसिफ, वसीम, अलीजान और गुलजार के खिलाफ मसूरी थाने में केस दर्ज कराया है। मेरठ के गांव डाहर निवासी महराजुद्दीन का कहना है कि गांव निगरावटी निवासी कदीर से गाजियाबाद में जमीन लेने का सौदा हुआ था। इसके लिए उन्होंने कदीर, आसिफ, वसीम, अलीजान, गुलजार सभी ने मिलकर उनसे छह लाख रुपये लिए। लेकिन अभी तक न जमीन नहीं दी।
शराबियों ने दुकानदार को पीटा
मधुवन वापूधाम थाना क्षेत्र के दुहाई में रास्ते में खड़े होकर शराब पी रहे युवकों से बाइक हटाने के लिए कहा तो उन्होंने एक दुकानदार पर हमला कर दिया। पीड़ित की पत्नी मंजू ने केस दर्ज कराया है। मंजू का कहना है कि 12 सितंबर को उनके पति रात करीब साढ़े 12 बजे अपनी दुकान से घर पर जनरेटर ला रहे थे। घर के पास रास्ते में बाइक खड़ी करके पांच-छह युवक शराब पी रहे थे। पति ने उन्हें बाइक हटाने के लिए कहा, ताकि जनरेटर घर के अंदर ले जा सके। इसी बात पर युवक उन्हें पीटने लगे।
सैलून संचालक के 40 हजार लेकर भागा
मोदीनगर थाना क्षेत्र शातिर ने सस्ते दामों पर सरिया दिलाने का झांसा देकर सैलून संचालक से 40 हजार रुपये ठग लिए। कृष्णापुरी कॉलोनी निवासी आलम का हापुड़ मार्ग पर हेयर सैलून है। आलम ने बताया कि उन्हें निर्माण कार्य के लिए सरिया की आवश्यकता थी। एक व्यक्ति उनके पास आया और परिचय निकालकर बातें करने लगा। विश्वास में लेने के बाद उसने सस्ते दामों पर सरिया दिलाने का झांसा दिया और 40 हजार रुपये ले लिए। रकम लेने के बाद वह बहाना बनाकर सैलून से भाग गया।