थाना साइबर क्राइम, कमिश्नरेट 31 म्यूल बैंक खाताधारकों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत, दो अभियुक्त ग
गाजियाबाद। एक ही बैंक में साइबर ठगों द्वारा 347 म्यूल खाता खुलवाने का मामला सामने आया है। सभी खाते कोटक महिंद्रा बैंक में खोले गए हैं। ये खाते गाजियाबाद की अलग-अलग ब्रांच में हैं। इसमें 31 म्यूल बैंक खाते ऐसे हैं जिनमें 25 लाख रुपये से अधिक का लेनदेन हुआ है।
इस मामले में साइबर थाना पुलिस ने खाताधारकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, 14 म्यूल खातों का प्रयोग कर रहे दो आरोपियों को साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है। बैंक के कर्मचारियों की संलिप्तता की जांच एसीपी अपराध को सौंपी गई है।
एडीसीपी अपराध पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि एनसीआरपी पोर्टल पर मिले साइबर अपराध से जुड़े बैंकों में खोले गए म्यूल खातों का टीम ने गत दिनों सत्यापन किया। इसमें 347 बैंक खाते ऐसे चिह्नित किए गए जिनमें ठगी के रुपये ट्रांसफर किए जाते हैं। सभी खाते कोटक महिंद्रा बैंक के हैं। इसी मामले में साइबर ठगों को टीम ने गिरफ्तार किया है जो कोटक महिंद्रा बैंक में 14 म्यूल खाते खुलवाकर ठगी की धनराशि ट्रांसफर कराते थे।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम प्रिंस निवासी कमरुद्दीन नगर समाना थाना कपूरपुर जनपद हापुड़ व आशीष निवासी ग्राम मतनावली थाना कपूरपुर जनपद हापुड़ बताए हैं। दोनों के खिलाफ हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, केरल, महाराष्ट्र व छत्तीसगढ़ में 15 शिकायतें दर्ज हैं।
क्या होता है म्यूल खाता
वह बैंक खाता, जिसे अपराधी अवैध धन प्राप्त करने, स्थानांतरित करने और उसे वैध बनाने के लिए इस्तेमाल करते हैं, खाताधारक को कमीशन का लालच देकर या धोखे से शामिल करके मनी लांड्रिग जैसे कारनामों में अपराधी इस खाते का उपयोग करते हैं।