एडीसीपी पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि अमित जैन निवासी साहिबाबाद के मुताबिक उनकी बेटी ने उन्हें भेजने के लिए 21 जून 2025 को 6.75 लाख रुपये का चैक अपने खाते में लगाया। इसके बाद अनुष्का जैन के मोबाइल पर मैसेज आया कि चेक क्लीयर नहीं हो पाएगा। इसकी जानकारी बैंककर्मियों से लेनी चाही लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। पीड़ित के अनुसार उनकी बेटी ने गूगल पर सर्च कर संबंधित बैंक के कस्टमर केयर पर बात की। कॉलर पर पांच मिनट तक बातचीत कर बताया कि बैंक से तीन मैसेज भेजे गए हैं। लेकिन आपको रिसीव नहीं हुए। इसके बाद खुद को बैंककर्मी बताने वाले उनकी बेटी को 58 मिनट तक वीडियो कॉल कर बैंक संबंधी तमाम जानकारी ली। कॉलर ने 24 घंटे बाद कॉल करने की बात कही।
अगले दिन फिर से साइबर ठग ने व्हाट्सएप ऑडियो कॉल कर अनुष्का जैन को कस्टमर आईडी और पासवर्ड बनाने का कहा। इसके बाद अनुष्का जैन पर एक ओटीपी आया जिसे उन्होंने साइबर ठग को बता दिया। साइबर ठग ने उनके खाते से 7.60 लाख रुपये दो अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर लिए। अनुष्का जैन ने साइबर ठग को कॉल कर खाते से 6.75 के बजाए 7.60 लाख रुपये गलत ट्रांसफर होने की बात कही। ऐसे में साइबर ठग ने एक बैंक अकाउंट भेजा जो बीरेंद्र कुमार रे के नाम से था, उसमें 96 हजार 321 रुपये जमा करने को कहा और आश्वासन दिया की तमाम रुपये उनके खाते में वापस हो जाएंगे। अनुष्का जैन ने 96 हजार 321 रुपये भी उसके बताए खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी का मोबाइल बंद हो गया।
बैंक में जाकर जानकारी जुटाई तो तीन ट्रांजक्शन में कुल 8.56 लाख रुपये मोहम्मद साकिब इकबाल के खाते में ट्रांसफर होने की बात सामने आई। पीड़ित ने मोहम्मद साकिब इकबाल के खिलाफ साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। एडीसीपी पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।