मुरादनगर। पुलिस ने कृषि भूमि दिलाने का झांसा देकर किसान से 35 लाख रुपए ठगने के मामले में गिरफ्त
- फोटो : kargil news
मुरादनगर। कृषि भूमि दिलाने का झांसा देकर एक किसान से 35 लाख रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने एक और ठग को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 6.45 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई है। मामले में दो आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। चार अन्य आरोपी अभी फरार चल रहे हैं।
एसीपी लिपि नगायच ने बताया कि जनपद शामली के थाना झिझाना स्थित गांव चौसाना निवासी इमरान को कृषि भूमि दिलाने की बात कही गई थी। बीती 21 फरवरी को इमरान व उसके साथी को मोदीनगर तहसील में एग्रीमेंट करने के लिए बुलाया गया। उस दिन इमरान 35 लाख रुपये लेकर निकले थे।
वह दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित गंगनहर पुल के पास पहुंचे तो तीन युवकों ने रोक लिया और खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर इमरान को अपनी कार में बैठा लिया। इसके बाद उनको दुहाई के पास छोड़कर 35 लाख रुपये लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ठगों की तलाश शुरू की। एक मार्च को पुलिस ने घटना का खुलासा कर फुरकान निवासी बरेली व विनोद चौहान निवासी दिल्ली को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10.50 लाख रुपये बरामद किए थे। एसीपी ने बताया कि अब बृहस्पतिवार को एक अन्य आरोपी दयाराम निवासी गांव देहरी जुम्मन थाना कांठ जिला मुरादाबाद को गिरफ्तार किया गया है।
खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर पीड़ित को साथ ले जाने वालों में दयाराम भी शामिल था। आरोपी ने पुलिस ने बताया कि इस काम के लिए 16 लाख रुपये मिले थे। एसीपी ने बताया कि अभी इस मामले में राजेश मीणा व संजय मीणा निवासी थाना अजीतगढ़ जिला जयपुर (राजस्थान), रवि प्रताप ठाकुर व रामविलास फरार चल रहे हैं।