गाजियाबाद। गोविंदपुरम अनाज मंडी में मंगलवार को 1800 पुलिसकर्मियों की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना संपन्न हुई। 100 कैमरे व सात ड्रोन की मदद से पुलिस आयुक्त अजय कुमार मिश्र, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दिनेश कुमार पी. और डीसीपी ग्रामीण विवेक यादव ने क्षेत्र में निगरानी रखी। इनके अलावा डीसीपी सिटी व सभी एसीपी भी मतगणना स्थल पर भ्रमण करते रहे।
एनडीआरएफ कट से छह स्तरीय बैरिकेडिंग की गई थी। हर स्तर पर पुलिस ने चैकिंग के बाद ही लोगों को मतगणना स्थल पर जाने दिया। इसके अलावा मतगणना स्थल पर आने वाले वाहनों की भी सघन चैकिंग हुई। पुलिस आयुक्त अजय कुमार मिश्र ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर क्यूआरटी, सीआईएसएफ व पीएसी के जवान क्षेत्र में गश्त करते रहे।
- 150 क्यूआरटी और सुरक्षा बल और बढ़ाए
पुलिस आयुक्त ने बताया कि मतगणना के बाद कहीं कोई हंगामा न हो इसके लिए 150 क्यूआरटी, दो कंपनी सीआइएसएफ और एक कंपनी पीएसी की बढ़ाई गईं, जो क्षेत्र में भ्रमणशील रहीं।