खोड़ा। खोड़ा कॉलोनी में नामी कंपनी के नकली पेंट्स के उत्पादों की बिक्री का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने एक किराये के गोदाम से 4580 खाली बाल्टियां बरामद की हैं। इस मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी संचालक की तलाश में जुटी।
एक नामी कंपनी के डिप्टी मैनेजर टीटू शर्मा ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनकी कंपनी ने उनको नकली कंपनियों के उत्पादों को पकड़ने और छापेमारी करने के लिए अधिकृत किया है। सूचना के आधार पर 10 सितंबर की रात पुलिस टीम ने वंदना विहार स्थित गोदाम पर छापा मारा। गोदाम पर एक मजदूर मिला, जिसने पुलिस को बताया कि यह गोदाम शशिकांत शर्मा ने किराये पर लिया है। गोदाम में भरा माल शशिकांत शर्मा का ही है। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि गोदाम की तलाशी में एक नामी कंपनी के पेंट्स के विभिन्न उत्पादों की खाली बाल्टियां मिलीं। इन बाल्टियों पर कंपनियों के नकली स्टीकर लगे थे। पुलिस ने बरामद माल को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया और गोदाम को सील कर दिया। उन्होंने बताया कि टीटू शर्मा की शिकायत पर शशिकांत शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई और आरोपी की तलाश की जा रही है।